विकासनगर (अलना)। अवैध उपखनिज परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने भाऊवाला क्षेत्र में अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने अवैध रूप से उपखनिज का परिवहन करते हुए दो वाहनों को पकड़ा और उन पर कुल 1 लाख 26 हजार 400 रुपये का जुर्माना लगाया।
जिलाधिकारी देहरादून एवं जिला खान अधिकारी के निर्देश पर सहायक खनिज पर्यवेक्षक शिवा नेगी ने टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन कर उपखनिज का परिवहन करते पाए जाने पर एक डंपर का ई-चालान किया गया, जबकि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर थाना सेलाकुई पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया। खनन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं उपखनिज परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, वाहनों में लदे उपखनिज के स्रोत और उसके गंतव्य को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले की विस्तृत जांच से अवैध परिवहन के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
…………………………………………….