130 लाभार्थियों को ब्याजमुक्त ऋण के चेक वितरित

सहसपुर (अलना)। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को ग्राम झाझरा स्थित एमपैक्स परिसर में किसान ऋण मेले का आयोजन किया गया। सहकारिता विभाग एवं विकासखंड सहसपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
इस दौरान विधायक ने 130 लाभार्थियों को ब्याजमुक्त ऋण के चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा किसानों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों के लिए भी आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहायक साबित होगी।
विधायक ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि, महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस अवसर पर विकासखंड प्रमुख अर्चना रावत, ज्येष्ठ प्रमुख रामेश्वरी पुंडीर, डीसीबी उपाध्यक्ष भीम सिंह पुंडीर, डीसीबी निदेशक वीरेश थपलियाल, एमपैक्स झाझरा के अध्यक्ष सावन पुंडीर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *