लखवाड़ बांध के श्रमिकों का धरना 13वें दिन भी जारी

कालसी। लखवाड़ बांध परियोजना में कार्यरत श्रमिकों का धरना प्रदर्शन बुधवार को लगातार 13वें दिन भी जारी रहा। सीटू से संबद्ध संविदा श्रमिक संघ के बैनर तले श्रमिक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर आंदोलन कर रहे हैं। श्रमिक संगठन को मान्यता देने, विभिन्न भत्ते उपलब्ध कराने और कार्यस्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं। संविदा श्रमिक संघ के अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि पुलिस प्रशासन, उत्तराखंड जल विद्युत निगम और कार्यदायी संस्था एलएनटी के अधिकारियों की ओर से कई बार मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया गया लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सोमवार को परियोजना निर्माण स्थल पर धरना दे रहे श्रमिकों को पुलिस ने बल प्रयोग कर हटा दिया था। इसके बाद उन्हें निरुद्ध कर निजी मुचलकों पर रिहा किया गया। मंगलवार से श्रमिकों ने दोबारा धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन और कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *