मनरेगा कर्मचारियों का दो दिवसीय कार्यबहिष्कार शुरू
रुद्रप्रयाग। मनरेगा कर्मचारियों को ग्राम्य विभाग एवं पंचायती राज विभाग में समायोजित करने सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर जिले के मनरेगा कर्मचारी संगठन ने दो दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। इस दौरान जिले में मनरेगा से जुड़े कार्य प्रभावित रहे। गुरुवार को जिले के अगस्त्यमुनि, जखोली व ऊखीमठ ब्लाक के मनरेगा कर्मचारी संगठन के सदस्य कलमबंद हड़ताल पर रहे। ब्लाक में होने वाले मनरेगा के कार्य हड़ताल के चलते प्रभावित रहे। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा से जुडे सभी कार्मिकों को ग्राम्य व पंचायती राज विभाग में समायोजित किया जाए। मनरेगा कर्मचारियो को हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर ग्रेड पे दिया जाए। जिससे मनरेगा कार्मिक अपने परिवार का भरण पोषण सही तरीके से कर सके। इसके अलावा कर्मचारियों को बीमा व स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं सरकारी कर्मचारियों की भांति, राज्य अंश ग्रेड पे निर्धारण करते हुए मानदेय देने, मनरेगा कार्मिकों को सेवादाता संस्था व उपनल से रखे जाने का विरोध करने, प्रदेश के कई जिलों में हटाए गए कार्मिकों की पुनरू बहाली करने की मांगे शामिल है। कहा कि कई जनपदो में हर माह कार्मिकों का दो दिन का मानेदय काटा जा रहा है, इसका संगठन पुरजोर विरोध करता है। कहा कि यदि शीघ्र उक्त मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें जबरन आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर हरीश चन्द्र सेमवाल, सुरेन्द्र रावत, हरिकृष्ण पंत, मुकेश कप्रवान, प्रवीन शाह, ब्रह्म प्रकाश, मुरलीधर कोठारी, दिनेश रावत, कुलदीप सिंह, मानवेन्द्र सिह आदि मौजूद थे।