सेवानिवृत्त पर दी शिक्षक को भावभीनी विदाई
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। राजकीय आर्दश इंटर कॉलेज कोटद्वार में गत 16 वर्षों से कार्यरत वरिष्ठ प्रवक्ता रसायन विज्ञान चन्द्र मोहन सिंह असवाल के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सेवानिवृत्त शिक्षक को भावपूर्ण विदाई दी।
विद्यालय परिसर में आयोजित विदाई समारोह में प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह रावत ने चन्द्र मोहन सिंह असवाल को विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत्त होने पर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि बदलाव प्रकृति का स्वरूप है। जिसके तहत सरकारी सेवा में भी स्थानान्तरण और सेवानिवृत्ति एक प्रक्रिया है। वहीं अभिभावक संघ के अध्यक्ष ने शिक्षक चन्द्र मोहन असवाल को छात्रहित में हमेशा तत्पर रहने वाला बताया। चंद्र मोहन असवाल ने अपने सेवाकाल में शिक्षण कार्य के अतिरिक्त बोर्ड परीक्षा, मूल्यांकन, संकलन, परीक्षा प्रभारी, एनएसएस प्रभारी जैसे दायित्वों का कुशलता पूर्वक निर्वहन किया। उनकी कर्तव्यनिष्ठा अनुशासन व छात्रों से लगाव रहा। जगदीश प्रसाद देवराड़ी, मधुसूदन पंत, मनमोहन रौतेला, संतोष नेगी आदि ने भी सम्बोधित किया। शिक्षक चंद्रमोहन असवाल ने छात्र-छात्राओं को अपने जीवन में अच्छे कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों को चरित्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा पाने के लिए परिश्रम व लगन से मेहनत करने की ज्यादा जरूरत होती है। समारोह का संचालन शिक्षक सादर सिंह रावत ने किया। समारोह में पीटीए महासंघ अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल सहित राजेन्द्र उनियाल, कविन्द्र उनियाल, विजय सिंह राणा के अलासा समस्त शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।