भाजपा सरकार का जनता की मूलभूत समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं : हरीश रावत

काशीपुर। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने महाशिवरात्रि पर्व पर प्राचीन श्री नागनाथ मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने राजनीतिक अस्थिरता का माहौल पैदा किया है। कहा कि भाजपा सरकार का जनता की मूलभूत समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं है। गुरुवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मोहल्ला पक्काकोट स्थित प्राचीन श्री नागनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। मंदिर के पुजारी अमरनाथ प्रशांत और गणेश नाथ ने पूर्व सीएम रावत को धार्मिक अनुष्ठान के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना संपन्न करायी। पूर्व मुख्यमंत्री ने जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया। बाद में मीडिया से बातचीत में रावत ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याएं सुलझाने में विश्वास नहीं रखती है। भाजपा ने यह सिद्ध कर दिया है कि हमने त्रिवेंद्र रावत के रूप में चार साल बेकार कर दिए हैं। उन्होंने कहा नवनियुक्त मुख्यमंत्री के सामने भी वही समस्याएं हैं जो त्रिवेंद्र सिंह रावत के सामने थीं, जिसकी वजह से वह फेल हुए हैं। उन्होंने कहा दुनिया में पेट्रोल-डीजल सस्ता हो रहा है, लेकिन भारत में महंगा। बढ़ती महंगाई ने निम्न-मध्यम वर्ग और गरीब तबके के लोगों की कमर तोड़ दी है। बेरोजगारी बढ़ रही है, विकास ठप है और किसानों को धान का मूल्य नहीं मिल पाया है। इस मौके पर मनोज जोशी एडवोकेट, इंदुमान, हरीश कुमार सिंह, संजय चतुर्वेदी, त्रिलोक अधिकारी, आशीष अरोरा बॉबी, जय सिंह गौतम, चंद्रभूषण डोभाल, विकल्प गुड़िया, अर्पित मेहरोत्रा, शफीक अंसारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *