13 अप्रैल से मां क्वारिंका देवी की बन्याथ का आयोजन
रुद्रप्रयाग। छहजुला क्षेत्र की अराध्य देवी मां भगवती क्वांरिका की चौथे चरण की दिवारा यात्रा संपंन होने के बाद अब 13 अप्रैल से बन्याथ का आयोजन होगा। इस आयोजन को लेकर समिति एवं ग्रामीणों द्वारा तैयारियां शुरू हो गई है। क्षेत्र की खुश समृद्धि के लिए मां भगवती से प्रार्थना की जाएगी।
बताते चलें कि मां भगवती की चौथे चरण की दिवारा यात्रा 30 मार्च को संपंन हो गई है। 93 वर्षों बाद मणिगुह भटवाडी की मां क्वारिंका देवी की चार चरण की यात्रा के दौरान जिले के अधिकांश गांवों का भ्रमण कर भक्तों की कुलक्षेम पूछी। इस दौरान भक्तों ने मां क्वारिंका का पुष्प और अक्षतों से जोरदार स्वागत करते हुए मनौतियां मांगी। बीते 8 मार्च से शुरू हुई चौथे चरण की यात्रा 30 मार्च को संपंन हुई। 30 मार्च को भगवती क्वारिका चौथे चरण की यात्रा संपंन होने के बाद अपने मूल स्थान मणिगुह भटवाडी पहुंच गई है। भटवाड़ी में मां की इन दिनों विशेष पूजा अर्चना की जा रही है। मां क्वारिंका कार्तिक स्वामी मंदिर का भ्रमण कर भी कर चुकी है। दिवारा यात्रा समिति 11 दिवसीय बन्याथ को लेकर अब तैयारियों में जुट गई है। धार्मिक अनुष्ठान के सफल संचालन के लिए कई लोगों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। दिवारा यात्रा समिति के अध्यक्ष कर्मवीर कुंवर ने बताया कि मां क्वारिंका की चौथे चरण की यात्रा पूरी के होने के बाद 13 अप्रैल से बन्याथ का आयोजन किया जाएगा। बन्याथ कार्यक्रम क्षेत्र की खुशहाली व सुख समृद्धि के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में भक्त मां से आशीष लेंगे।