सरयू में गिरी अनियंत्रित कार, 3लोगों को गंभीर चोट
बागेश्वर। कोतवाली पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार को एक कार अनियंत्रित होकर सरयू नदी में गिर गई। स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और एक निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों के अनुसार तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं जबकि चालक को हल्की चोंटे हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। कोरोना कर्फ्यू के दौरान वाहनों पर पुलिस का शिकंजा धीमा पड़ गया है। मंगलवार को होडा सिटी कार यूके- 04,क्यू, 0599 तेज गति से नगर से बिलौना की तरफ जा रही थी। सैंज के समीप ठंडी रोड में अनियंत्रित होकर सरयू नदी में गिर गई। स्थानीय लोगों के अनुसार कार की गति काफी तेज थी। वाहन चालक मोहित दानू 24 वर्ष, वरुण 24 वर्ष, मोहित कुमार 21 वर्ष, गौरव सिंह गढ़िया 24 वर्ष सभी मंडलसेरा निवासी घटना में घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने कार गिरते ही रेस्क्यू का मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने चारों को कार से बाहर निकाला और एक वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों के अनुसार चालक को कम चोटें हैं। जबकि अन्य के सिर और शरीर के अंदुरुनी हिस्सों में चोटें हैं। उनका उपचार चल रहा है। घटना स्थल पर पहुंची एसएसआइ खष्टी बिष्ट ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना मतलब घरों से बाहर निकलने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त कार में चारों युवक थे।