एक हफ्ते भी नहीं टिके गढ़वाल विवि के एफओ
विवि ने कार्यमुक्ति का आदेश किया जारी
गत मार्च माह में दे दिया था इस्तीफा
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि में वित्त अधिकारी (एफओ) हरपाल सिंह एक हफ्ते भी नहीं टिक पाए। उन्होंने मार्च में ज्वाइनिंग के एक हफ्ते बाद ही त्याग पत्र दे दिया था। जिसको कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने स्वीकार कर लिया। कुलपति के अनुमोदन पर कुलसचिव डा. अजय खंडूड़ी ने 30 जून को कार्यमुक्त का आदेश जारी कर दिया है। अब विवि को नए एफओ की तलाश करनी पड़ेगी।
गढ़वाल विवि में जुलाई 2018 से वित्त अधिकारी का पद रिक्त चला आ रहा था। उक्त पद के लिए गत वर्ष दिसंबर माह में ऑन लाइन साक्षात्कार हुए थे। साक्षात्कार में हरपाल सिंह सफल रहे थे। लेकिन उन्होंने लंबे समय तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया था। बाद में उन्होंने 8 मार्च को कार्यभार ग्रहण कर लिया। लेकिन 14 मार्च को वह अवकाश पर चले गए। तत्पश्चात उन्होंने 21 मार्च को ई-मेल के माध्यम से त्यागपत्र भेज दिया। जिसको कुलपति प्रो. नौटियाल ने कुछ दिन बाद स्वीकार कर लिया। लेकिन इस बीच उनके त्यागपत्र एवं कार्यमुक्ति का आदेश जारी नहीं हुआ। लंबी इंतजारी के बाद बुधवार को विवि ने इस संंबंध में कार्यालय आदेश जारी किया। कुलसचिव डा. खंडूड़ी ने बताया कि हरपाल सिंह का त्यागपत्र पहले ही स्वीकार कर लिया गया था। इस संबंध में उन्हें अवगत करा दिया गया था। कोरोना काल में आदेश जारी नहीं हो पाया था। उन्होंने बताया कि हरपार्ल ंसह ने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया है।