भाजपा के स्वास्थ्य स्वयं सेवक कार्यकर्ता करेंगे कोविड में मदद
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयं सेवक अभियान की कार्यशाला में कोविड की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए स्वास्थ्य स्वयं सेवक कार्यकर्ताओं को अभी से तैयार रहने को प्रेरित किया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं को कोविड से निपटने की भी जानकारियां दी गई।
जिला पंचायत सभागार पौड़ी में भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार और जिलाध्यक्ष सम्पत सिंह रावत ने स्वास्थ्य स्वयं सेवक कार्यकर्ताओं को कोविड की तीसरी लहर के लिए तैयारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के स्वास्थ्य स्वयं सेवक कार्यकर्ता भी लोगों की सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता कुलदीप कुमार ने कोविड की तीसरी संभावित लहर को देखते हुए बूथ स्तर पर स्वास्थ्य स्वयं सेवकों को प्रशिक्षण की जानकारी दी। कहा कि जिस प्रकार से भारत सरकार की कोरोना गाइडलाइन है उसी तरह से स्वास्थ्य स्वयं सेवको को भी कार्य मे जुटना होगा। तभी कोरोना की तीसरी लहर से बचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य स्वयं सेवक कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर समाज के बीच कार्य करना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भाजपा कार्यकर्ता चनाव के दौरान बूथस्तर पर पार्टी को मजबूती प्रदान करती है। उसी तरह से अब स्वास्थ्य स्वयं सेवक बूथ स्तर पर देश को मजबूती देगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य स्वयं सेवको व अन्य पदाधिकारियों से इस कार्य के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री जंग बहादुर रावत ने किया। जबकि कार्यशाला के व्यवस्थापक पौड़ी नगर मंडल अध्यक्ष क्रांति किशोर नेगी आदि ने भी विचार रखे।