बेसहारा पशुओं के साथ होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जाय
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। हिन्दू युवा वाहिनी के प्रदेश सचिव राजेश जदली ने उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में लगातार बेसहारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। इसी के साथ बेसहारा पशुओं एवं गौवंश के साथ होने वाली दुर्घटनाएं एवं इनके लिए चारे व पानी की समस्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से बेसहारा पशुओं के साथ होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
राजेश जदली ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सड़कों से लेकर मुख्य चौराहों में इन पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। इन पशुओं की वजह से जहां यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है वहीं वाहनों की चपेट में आने से बेसहारा पशु घायल हो रहे है। पिछले दिनों भी बीईएल रोड और लालबत्ती चौराहे के सामने बेसहारा पशु वाहन की चपेट में आने से घायल हो गये थे। उन्होंने कहा कि राजस्व क्षेत्र में प्रत्येक ग्राम सभा में गौचर (गायों के चरने के लिए) भूमि होती है। इस भूमि का रिकार्ड निकाला जाना चाहिए। इस तरह की भूमि को बेसहारा पशुओं के लिए उपयोग किया जाना चाहिए। ताकि गौवंश से संबंधित घटनाऐं रोकी जा सकें।