यंग हॉकी क्लब ने जीती मेजर ध्यानचंद हॉकी प्रतियोगिता
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। खेल निदेशालय उत्तराखण्ड देहरादून के तत्वावधान में जिला क्रीड़ा अधिकारी पौड़ी के सौजन्य से शशिधर भट्ट स्टेडियम कोटद्वार में खेल दिवस एवं मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस के अवसर पर रविवार को ओपन वर्ग बालक वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल मैच में यंग हॉकी क्लब ने गढ़वाल हॉकी को 10-4 से पराजित कर मेजर ध्यानचंद हॉकी प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि सुनील रावत अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल कोच ने दीप प्रज्जवलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला यंग हॉकी क्लब और गाड़ीघाट ग्रीन के मध्य खेला गया, जिसमें यंग हॉकी क्लब ने 1-0 से जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला गढ़वाल हॉकी और सनराईस हॉकी के मध्य खेला गया, जिसमें गढ़वाल हॉकी टीम ने 4-0 से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गढ़वाल हॉकी और यंग हॉकी क्लब के मध्य खेला गया, जिसमें यंग हॉकी क्लब ने 10-4 से जीत दर्ज कर मेजर ध्यानचंद हॉकी प्रतियोगिता अपने नाम की। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि द हंस फॉउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष पदमेंद्र सिंह बिष्ट ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर प्रभारी उपक्रीड़ा अधिकारी संदीप कुमार डुकलान, मनोज नेगी, वरूण भट्ट, सतपाल सहित अन्य खेल प्रेमी उपस्थित थे।