कांग्रेस की कलह: सिद्घू को हाईकमान से मिली निराशा, राहुल व प्रियंका गांधी ने दी जुबानी जंग रोकने की नसीहत
चंडीगढ़, एजेंसी। पंजाब प्रभारी हरीश रावत से नाराज होकर दिल्ली पहुंचे कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्घू को निराशा हाथ लगी है। सिद्घू को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी जुबानी जंग रोकने की नसीहत दी है। साथ ही उन्होंने पार्टी के मुद्दों को सार्वजनिक मंच पर नहीं रखने का निर्देश दिया।
पंजाब कांग्रेस में चल रहे घमासान के बीच चंडीगढ़ पहुंचे पंजाब प्रभारी हरीश रावत से नाराज होकर कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्घू मंगलवार को दिल्ली रवाना हो गए थे। जहां कयास लगाए जा रहे थे कि दिल्ली में वह प्रियंका और राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। बुधवार को अचानक सिद्घू दिल्ली से रवाना हो गए थे।
सूत्रों के अनुसार दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्घू को राहुल-प्रियंका की ओर से सार्वजनिक मंचों पर अधिक नहीं बोलने की नसीहत दी गई है। साथ ही पार्टी के अंदरूनी मामलों को सोशल मीडिया पर नहीं रखने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि नवजोत सिद्घू ने आलाकमान के सभी निर्देशों पर अमल करने का भरोसा दिया है। इससे पहले सिद्घू लगातार अपने बयान और ट्वीट के जरिए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। हाल ही में नवजोत सिंह सिद्घू का एक वीडियो भी सामने आया था जिसमें वह कांग्रेस आलाकमान को ईंट से ईंट बजाने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। जिसके बाद से कांग्रेस आलाकमान सिद्घू से बेहद नाराज चल रहा है। इन्हीं सब बातों को लेकर मंगलवार को सिद्घू को दिल्ली तलब किया गया था।
बताया जा रहा है कि सिद्घू और उनके खेमे के मंत्री और विधायक हरीश रावत से इसलिए नाराज हैं कि चंडीगढ़ दौरे के दौरान पंजाब प्रभारी कैप्टन की बातों को अधिक महत्व दे रहे हैं। साथ ही सरकारी चपर से हरीश को चंडीगढ़ लाने के लिए कैप्टन खेमे के मंत्री गुरमीत राणा सोढी गए थे।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार रविन ठुकराल ने पंजाब प्रभारी से मुलाकात के दौरान मंत्रिमंडल में फेरबदल की खबरों को खारिज किया है। ठुकराल ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा है कि रावत से मुलाकात के दौरान पांच मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई है। जिसका मुख्यमंत्री ने पंजाब प्रभारी को सकारात्मक जवाब दिया है।