ई-कचरा प्रबंधन पर प्रशिक्षण शुरू
रुद्रप्रयाग। स्पेक्स देहरादून एवं उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के सहयोग से ई-कचरा प्रबन्धन प्रशिक्षण शुरू गया है। इसमें घरों से निकलने वाले ई-कचरे में कमी लाकर रिपेयर एवं फिर प्रयोग की क्षमताओं को खोजने पर जोर दिया गया। नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष गीता झींकवाण एवं स्पेक्स के कार्यक्रम समन्वयक नीरज उनियाल ने किया। नगर पालिका अध्यक्ष गीता झिंक्वाण ने कहा कि कार्यक्रम से बढ़ते कूड़े के ढेर को कम करने में सहायता मिलेगी। इससे रोजगार का एक नया विकल्प भी शुरू होगा। स्पेक्स के समन्वयक उनियाल ने बताया कि अभी उत्तराखंड के देहरादून के 4 ब्लाक डोईवाला, सहसपुर, विकास नगर, रायपुर एवं रुद्रप्रयाग जिले के ब्लाक ऊखीमठ, जखोली व अगस्त्यमुनि में पायलेट प्राजेक्ट के रूप में चलाया जा रहा है। अगर यह कार्यक्रम दोनों जनपदों में सफल रहा तो इसे सम्पूर्ण उत्तराखंड में अपनाया जाएगा। पहले दिन प्रशिक्षक राम तीरथ ने सभी को प्रशिक्षण से सम्बंधित किट और उपकरणों की जानकारी दी। प्रशिक्षण में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेन्द्र झिंक्वाण, मधुर दरमोडा आदि मौजूद थे।