बिग ब्रेकिंग

285 जवान बने गढ़वाल राइफल्स का हिस्सा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

-34 सप्ताह के कठिन परिश्रम व प्रशिक्षण के बाद हुए सेना में शामिल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: 34 सप्ताह के कड़े प्रशिक्षण के बाद 285 जवान गढ़वाल राइफल्स का हिस्सा बन गए हैं। शनिवार को जवानों ने देश सेवा की शपथ ली और भरोसा दिलाया कि वह देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की बाजी लगा देंगे।
गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र के नायक भवानी दत्त जोशी अशोक चक्र ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में समीक्षा अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सवनीत सिंह ने पासिंग आउट परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का इतिहास हमेशा से ही गौरवांवित करने वाला रहा है। नए जवानों के लिए भी यह गर्व की बात है कि वह भारतीय सेना का हिस्सा बने हैं। भारतीय जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए। उन्होंने अपने शौर्य से हमेशा अन्य लोगों के लिए मिसाल कायम की। लेफ्टिनेंट जनरल सवनीत सिंह ने नए जवानों से भी देश सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने का आह्वान किया। उन्होंने पासिंग आउट परेड में शामिल जवानों के परिजनों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि नौजवानों को नशे की बुरी लत से दूर रहते हुए सेना में भर्ती होने के लिए आगे आना चाहिए।

राइफलमैन संदीप सिंह को मिला सोना
कार्यक्रम में पूरे प्रशिक्षण एवं फायरिंग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राइफलमैन संदीप सिंह को स्वर्ण पदक से नवाजा गया। वहीं, राइफलमैन रोहित को रजत पदक व राइफलमैन संजय सिंह को कांस्य पदक से नवाजा गया। राइफलमैन राहुल नेगी को फिजिकल में सर्वश्रेष्ठ व राइफलमैन कृष्णा सिंह को ड्रिल में सर्वश्रेष्ठ पदक से सम्मानित किया गया। हवलदार मनोज सिंह को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक व नायब सूबेदार विनोद कुमार को सर्वश्रेष्ठ प्लाटून कमांडर का बैनर प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!