न्यायमूर्ति धानिक की सेवानिवृत्ति पर फुल कोर्ट रेफरेंस
नैनीताल। हाईकोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति एनएस धानिक की सेवानिवृत्ति पर गुरुवार को मुख्य न्यायाधीश कोर्ट में फुल कोर्ट रेफरेंस हुआ। न्यायमूर्ति धानिक 35 वर्ष की न्यायिक सेवा के बाद आज सेवानिवृत्त हो गए।
मुख्य न्यायाधीश कोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सजंय कुमार मिश्रा, महाधिवक्ता एसएन बाबुलकर व हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष अवतार सिंह रावत ने रिफरेंस पढ़ा। इसमें उनके जन्म, शिक्षा समेत न्यायिक सेवा के बारे में बताया गया। पीलीभीत उत्तर प्रदेश मुंसिफ मजिस्ट्रेट के रूप में उन्होंने न्यायिक सेवा से शुरुआत की। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल, हरिद्वार तथा जिला जज देहरादून रहे। सचिव लोकायुक्त, लीगल एडवाइजर राज्यपाल के पद पर भी रहे। 3 दिसंबर 2018 को उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश बने। उनके द्वारा हाईकोर्ट में 6441 मेन केस तथा 10499 मिस्लेनियस केस में निर्णय दिए गए। रेफरेंस पढ़ने के दौरान उनके निर्णयों की सराहना कर इन्हें लैंडमार्क डिसिजन बताया गया। न्यायमूर्ति धानिक ने कहा कि वह सामान्य काश्तकार परिवार से रहे, लेकिन परिश्रम से लोकतंत्र के स्तंभ न्यायपालिका में सेवाएं देने का सुअवसर मिला। मैंने पूर्ण निष्ठा से अपने कर्तव्यों के निर्वहन के प्रयास किए। कोविड के प्रतिकूल दौर के दौरान बार एंड बेंच के समन्वय व इस दौरान हुए कार्यों की सराहना की। रेफरेंस में वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति शरद कुमार शर्मा, न्यायमूर्ति आरसी खुल्बे, न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा, रजिस्ट्रार जनरल, मुख्य स्थायी अधिवक्ता चंद्रशेखर रावत, जीएस संधू, असिस्टेंट सलिसिटर जनरल राकेश थपलिया सहित अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहे। यहां से सेवानिवृत्ति के बाद न्यायमूर्ति एनएस धानिक अब पुलिस प्राधिकरण के अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे।