मैं संगठन में पली-बढ़ी हूं, पार्टी के फैसले को स्वीकार करती हूं: भाजपा से निलंबन पर नूपुर शर्मा
नई दिल्ली, एजेंसी। पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को लेकर पार्टी प्रवक्ता के पद से हटाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व पदाधिकारी नूपुर शर्मा ने कहा कि वे पार्टी के फैसले का सम्मान करती हैं और इसे स्वीकार करती हैं। उन्होंने कहा कि वे संगठन में पली-बढ़ी हैं और इसके फैसले को स्वीकार करती हैं।
गौरतलब है कि पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ उनकी कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर कुछ मुस्लिम देशों के विरोध से विवाद बढ़ने पर भाजपा ने रविवार को नूपुर शर्मा को निलंबित कर दिया था और दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
मुस्लिम समूहों के प्रदर्शनों, कुवैत, कतर और ईरान जैसे देशों की तीखी प्रतिक्रिया के बीच भाजपा ने एक बयान जारी कर कहा वह सभी धर्मों का सम्मान करती है और किसी भी धार्मिक व्यक्तित्व के अपमान की कड़ी निंदा करती है।
महाराष्ट्र पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निलंबित पदाधिकारी नूपुर शर्मा को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ उनकी कथित अपमानजनक टिप्पणी के संबंध में बयान दर्ज कराने के लिए 22 जून को पेश होने को कहा है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता शर्मा की टिप्पणी के बाद महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मुंब्रा पुलिस ने उनके खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की थी। अधिकारी ने बताया कि तदनुसार, मुंब्रा पुलिस ने शर्मा को 22 जून को जांच अधिकारी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराने के लिए समन भेजा है।