इंदौर/ अलीराजपुर , मध्य प्रदेश के अलीराजपुर में एक मासूम बच्ची के साथ जो हुआ, उसे जानकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। यहां एक जंगली जानवर पिता की गोद से उसकी बेटी को छीनकर जंगल ले गया। काफी देर तक तलाश के बाद परिजनों को मिला तो सिर्फ उसका शव। बखतगढ़ के बिचोली गांव के गोदवाणी फलिया में शनिवार शाम यह हृदयविदारक घटना हुई।
दरअसल, देवसिंह अपनी बच्ची को लेकर घर के बाहर बैठा हुआ था। तभी एक जंगली जानवर अंधेरे का फायदा उठाकर आया और उसे झपटकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल छा गया।
जंगली जानवर होने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ग्रामीणों ने भी मशाल और टॉर्च लेकर प्रशासन के साथ बच्ची की तलाश शुरू की। देर रात गांव की पहाड़ी पर उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ।
जिस नन्ही बेटी को गोद में लेकर एक पिता उसका हंसता-मुस्कुराता चेहरा देख रहा था। उसे क्या पता था कि वही मासूम चंद सेकंड बाद उसे जिंदा नहीं मिलेगी। इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।