दुर्घटना में बेहोश पड़े युवक को पहुंचाया अस्पताल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सड़क दुर्घटना में घायल स्कूटी सवार के लिए खाकी देवदूत बनी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लैंसडाउन ने सरकारी वाहन और आपातकालीन सेवा वाहन के माध्यम से राजकीय बेस अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायल का उपचार चल रहा है।
गुरूवार को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लैंसडाउन मौ. अकरम अपने सरकारी वाहन से वीआईपी ड्यूटी हेतु कोटद्वार जा रहे थे। दुगड्ड़ा से आगे आमसौड़ के पास सड़क दुर्घटना के कारण एक स्कूटी सवार व्यक्ति सड़क पर घायल होकर बेहोश पड़ा हुआ था। घायल व्यक्ति के सिर, चेहरे और मुंह से खून बह रहा था। आस-पास काफी व्यक्ति मौजूद थे, लेकिन किसी के द्वारा घायल व्यक्ति की मदद नहीं की जा रही थी। सभी लोग 108 एम्बुलेंस के आने का इंतजार कर रहे थे। प्रभारी निरीक्षक लैंसडाउन द्वारा बिना समय गवाएं घायल व्यक्ति की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत घायल व्यक्ति को अपने थाने की सरकारी गाड़ी में लेटाकर कोटद्वार अस्पताल हेतु लाया गया। लगभग 5 किमी. की दूरी तय करने के पश्चात रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने के पश्चात घायल व्यक्ति को एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु कोटद्वार अस्पताल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक लैंसडाउन व पुलिस कर्मियों के द्वारा घायल व्यक्ति की मदद कर अस्पताल पहुंचाने हेतु की गयी त्वरित कार्यवाही की आमजन द्वारा प्रसंशा की गयी।