देहरादून। हार के कुख्यात कल्लू गैंग के एक लाख रुपये के इनामी अपराधी को दून पुलिस ने ऋषिकेश से गिरफ्तार कर लिया है। यह बदमाश करीब छह माह पूर्व ओडिशा की कटक जिला जेल तोड़कर फरार हो गया था। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बुधवार को ओडिशा पुलिस ने कोतवाली ऋषिकेश को सूचना दी कि कटक जेल से दो अक्तूबर 2025 को फरार हुआ बंदी राजा साहनी (34) त्रिवेणी घाट क्षेत्र में एक गोल्डन रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में देखा गया है। राजा साहनी मूल रूप से मीरगंज, बेगूसराय (बिहार) का निवासी है। सीओ ऋषिकेश नीरस सेमवाल के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीमें गठित की गईं। त्रिवेणी घाट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नटराज चौक से टिहरी जाने वाले मार्ग पर सुमन पार्क के पास पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी की कार को रोक लिया। कार की पिछली सीट पर बैठे राजा साहनी को ओडिशा पुलिस ने शिनाख्त कर लिया। जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पर ओडिशा के कटक और जजपुर में कई गंभीर केस दर्ज हैं।