मास्क न पहनने पर 486 लोगों का काटा चालान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
कोतवाली पुलिस ने कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में अलग-अलग क्षेत्रों में मास्क न पहनने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बिना मास्क पहने 486 लोगों का चालान काटा। अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने करीब 97 हजार 200 रूपये का राजस्व वसूला।
कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर कोटद्वार में भी तेजी से फैल रही है। ऐसे में कोविड-19 गाइडलाइन का पालन कराने के लिए सख्ती भी बरती जा रही है। अगर कोविड गाइड लाइन का पालन नहीं कर रहा है तो पुलिस कार्यवाही कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर कोटद्वार भाबर क्षेत्र में तेजी से फैल रही है। लोग कोविड-19 को लेकर लापरवाही बरत रहे है। कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गत रविवार देर सांय अभियान चलाकर बिना मास्क पहने 486 लोगों का चालान किया गया। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 78 चालान किये गये। उन्होंने कहा कि कोविड गाइड लाइन का पालन न करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जायेगी। कोतवाल ने कहा कि कोतवाली क्षेत्र में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कोरोना की चेन को तोड़ने के लिये अत्यधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने जनता से अपील की है कि बेवजह अपने घरों से बाहर न निकलें। अगर बहुत जरूरी कार्य हो तो मास्क लगाकर ही निकलें तथा भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और शारीरिक दूरी एवं कोविड नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *