जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : संत शिरोमणि रविदास सेवा समिति की ओर से संत शिरोमणि रविदास की 649वीं जयंती पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को देखने के लिए सड़कों पर लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी।
सोमवार शाम कैड़िया से निकाली गई शोभायात्रा में संत शिरोमणि रविदास की झांकी व संविधान की झांकी आकर्षक का केंद्र रही। यात्रा के दौरान युवाओं की ओर से हैरत अंगेज करतब भी दिखाए गए। संत शिरोमणि रविदास सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतिवर्ष रविदास जयंती पर शहर में शोभायात्रा निकाली जाती है। शोभा यात्रा को लेकर बच्चों व महिलाओं में उत्साह बना हुआ था। कौड़िया से बाजार क्षेत्र के लिए निकली शोभायात्रा का लोगों ने जगह-जगह स्वागत भी किया। आयोजकों ने लोगों को संविधान के महत्व के बारे में बताया। कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत संविधान है। इसलिए हमें संविधान के बारे में जानकारी होनी अति आवश्यक है। इससे पूर्व एक फरवरी को कौड़िया में झंडा भी पहराया गया। साथ ही विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।