ऊखीमठ में बंदरों के झुंड ने किया महिला पर हमला

Spread the love

रुद्रप्रयाग। नगर में बंदरों के हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को एक बार फिर बंदरों के झुंड ने मन्दिर मार्ग पर बबीता देवी, निवासी ओंकारेश्वर वार्ड ऊखीमठ पर हमला कर घायल कर दिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह बंदरों को भगाया। बाद में महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। ऊखीमठ नगर में आए दिन बंदर राहगीरों पर हमला कर काट रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। दो सप्ताह के भीतर बंदरों के हमले की यह चौथी घटना है। आए दिन बंदरों द्वारा लोगों को काटने की बात आम हो गयी है। रास्तों में झुंड बनाकर बैठे बंदर बच्चों व बुजुर्गों पर ज्यादा हमले कर रहे हैं। बावजूद सरकार, स्थानीय नगर प्रशासन व तहसील प्रशासन लोगों की सुरक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। पिछले डेढ़ महीनों में बंदरों से काटने की एक दर्जन से अधिक घटनाएं हो गयी हैं। बंदरों से काटने की घटनाएं सबसे ज्यादा ओंकारेश्वर मंदिर मार्ग पर हो रही हैं। बंदरों का खौफ ऐसा है कि बुजुर्ग व बच्चे अकेले घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। स्थानीय लोग सीएम से लेकर डीएम तक बंदरों की समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस है। बंदरों के आतंक से परेशान नगरवासियों को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *