देवी रोड में जगह-जगह खड़ी रेहड़ी ठेली बन रही मुसीबत
अव्यवस्था के कारण आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में अव्यवस्थाओं का अंबार लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ माह पूर्व गोखले मार्ग व बाजार की मुख्य सड़कों पर कब्जा करने वाले रेहड़ी-ठेली वाले अब देवी रोड तक पहुंच गए हैं। हालत यह है कि सड़क किनारे खड़ी रेहड़ी-ठेली के कारण आमजन का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सबसे बुरी स्थिति मोटर नगर में बनी हुई है।
कुछ माह पूर्व नगर निगम व प्रशासन ने गोखले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करवाया था। रेहड़ी-ठेली वालों को मार्ग पर कब्जा न करने की सख्त हिदायत दी गई थी। ऐसे में यहां से हटाए गए रेहड़ी-ठेली वालों ने देवी रोड में कब्जा करना प्रारंभ कर दिया है। नजीबाबाद चौराहे से देवी मंदिर चौराहे तक सैकड़ों रेहड़ी-ठेली वाले सड़क पर खड़े आसानी से देखे जा सकते हैं। सबसे बुरी स्थिति मोटर नगर में बनी हुई है। यहां रेहड़ी-ठेली वालों के साथ ही भारी वाहन भी बेतरतरीब तरीके से सड़क किनारे खड़े रहते हैं। सुबह से शाम तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। चौंकाने वाली बात तो यह है कि इस मार्ग से दिन से तीन से चार बार गुजरने वाले अधिकारियों को भी स्थिति नजर नहीं आती। जबकि, क्षेत्रवासी कई बार व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की भी मांग उठा चुके हैं।
सड़क पर दुकानें
देवी रोड में रेहड़ी-ठेली वालों के साथ ही कई व्यापारियों ने सड़क पर ही अपनी दुकान का सामान सजाया हुआ है। यही नहीं कई स्थानों पर वाहन मरम्मत का काम भी सड़क पर ही चल रहा है। बाजार में अतिक्रमण अभियान चलाने वाले नगर निगम को भी देवी रोड का अतिक्रमण नजर नहीं आता। अतिक्रमण के कारण कब बड़ा हादसा हो जाएं कुछ कहा नहीं जा सकता।