पिथौरागढ़()। पिथौरागढ़ नगर के बीचों बीच कपड़ों की एक दुकान में आग लग गई। घटना में दुकान में रखे कपड़े और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। संयोग से आसपास की दुकानों में आग नहीं फैली इससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। नगर के चिमस्यानौला निवासी कमला वर्मा के भवन के निचले तल में धारचूला, गर्गुवा हाल निवासी जीआईसी रोड हेमा धामी गारमेंट की दुकान का संचालन कर रही थी। बीते बृहस्पतिवार वह रात आठ बजे दुकान बंद कर घर गई। देर रात 11 बजे के करीब नगर के कारोबारी राजेंद्र पांडे अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे तो उन्होंने हेमा धामी की दुकान से आग की पलटें बाहर निकलतीं देखीं। उन्होंने घटना की सूचना हेमा और फायर सर्विस को दी। फायर सर्विस की टीम दो वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक दुकान में रखे कपड़े और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद ने बताया कि दुकान में रखे इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क गई। कहा कि राजस्व विभाग नुकसान का आंकलन कर रहा है।