बेंगलुरु ,। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के थ्यागराजनगर इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे शख्स ने सड़क पर खेल रहे 5 साल के मासूम बच्चे को बेरहमी से ‘फुटबॉल की तरहÓ किक मार दी। यह दिल दहला देने वाली घटना 14 दिसंबर की दोपहर करीब सवा एक बजे की है, जब बच्चा अपनी नानी के घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। बिना किसी उकसावे या गलती के एक राहगीर द्वारा की गई इस हैवानियत ने स्थानीय लोगों और परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पीड़ित बच्चे की पहचान 5 वर्षीय नीव जैन के रूप में हुई है। बच्चे की मां दीपिका जैन के मुताबिक, वह अपने भाई मनोज के घर आई हुई थीं। बच्चा घर के पास ही खेल रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाला रंजन नाम का व्यक्ति वहां अचानक आ धमका। उसने आव देखा न ताव और बच्चे को पूरी ताकत से लात मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम बच्चा दूर जा गिरा। गिरने की वजह से बच्चे की भौंह के ऊपर गहरा घाव हो गया जिससे खून बहने लगा और उसके हाथ-पैरों में भी गंभीर चोटें आईं। परिजनों का आरोप है कि आरोपी रंजन आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है और इलाके में पहले भी लोगों के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने के लिए कुख्यात है, जिससे लोगों में उसका डर बना रहता है।
घायल बच्चे को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर भागे और बाद में बनशंकरी पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शुरुआत में इसे गैर-संज्ञेय अपराध (हृष्ट) मानते हुए रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन मामले की गंभीरता और बच्चे की हालत को देखते हुए पुलिस ने 15 दिसंबर को एसीजेएम कोर्ट से अनुमति प्राप्त की। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्), 2023 की धारा 115(2) के तहत केस दर्ज कर आरोपी रंजन को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच जारी है। वहीं, इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी गुस्सा है और उन्होंने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।