जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: बुधवार को शहर में श्री गुरु गोरखनाथ की भव्य छड़ी शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु ढो-नगाड़ों के साथ गुरु गोरखनाथ का गुणगान करते हुए नजर आए। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। मुख्यअतिथि संगम विहार दिल्ली के विधायक व आमआदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने नारियल चढ़ाकर शोभा यात्रा का शुभारंभ किया। शोयात्रा गोविंद नगर स्थित एक बारात घर से होते हुए स्टेशन रोड, झंडाचौक, पटेल मार्ग, नजीबाबाद रोड से होते हुए वापस गोविंद नगर स्थित बारातघर में पहुंची। इसके उपरांत शाम छह बजे गुरु गोरखनाथ की गद्दी का पूजन किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों को छड़ी गद्दी भोज व प्रसाद वितरित किया गया। शाम सात बजे गोरखनाथ जहारवीर पूजन हुआ। जिसके मुख्य अतिथि लैंसडौन विधायक दिलीप रावत थे। इसके उपरांत भंडारा, पिंडी अभिषेक व गोरखनाथ जहरावीर कथा सुनाई गई। रात करीब एक बजे पूर्णहुति की गई। इस मौके पर छड़ी महोत्सव समिति के अध्यक्ष अरविंद वर्मा, अजय पंत, राजेंद्र जजेड़ी, संदीप बिष्ट आदि मौजूद रहे।