महिला ने एक ही मंडप पर 2 युवकों संग रचाई शादी, कुछ ऐसे शुरू हुई थी प्रेम कहानी

Spread the love

नई दिल्ली , शादियों के इस मौसम में आपने कई विवाह समारोह देखे होंगे, जहां एक दूल्हा और एक दुल्हन सात फेरे लेते हैं। लेकिन हाल ही में एक ऐसी शादी सामने आई है जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। इस अनोखे विवाह में एक दुल्हन ने एक ही मंडप में दो-दो दूल्हों से शादी कर ली। यही वजह है कि यह शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा का विषय बनी हुई है।
मामला थाईलैंड का है, जहां 37 वर्षीय डुआंगडुआन केत्सारो नामक महिला ने एक समारोह में दो ऑस्ट्रियाई पुरुषों से विवाह किया। डुआंगडुआन पेशे से सिंगर और सॉन्गराइटर रह चुकी हैं। शादी का समारोह सादा और पारंपरिक तरीके से आयोजित किया गया, जिसमें उनके करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए। समारोह की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
ऐसे शुरू हुई प्रेम कहानी
जानकारी के अनुसार डुआंगडुआन की मुलाकात सबसे पहले ऑस्ट्रिया के रिटायर्ड पुलिस अधिकारी रोमन से पटाया में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे करीब पांच साल तक साथ रहे। इसी दौरान उनकी मुलाकात मैकी नाम के एक अन्य ऑस्ट्रियाई युवक से हुई और समय के साथ दोनों के बीच भी प्रेम संबंध बन गए। डुआंगडुआन का कहना है कि उन्होंने अपने इस रिश्ते को कभी छिपाया नहीं। शादी से पहले तीनों ने अपने भविष्य, जिम्मेदारियों और उम्मीदों को लेकर खुलकर बातचीत की और आपसी सहमति से विवाह का फैसला लिया।
परिवार ने भी दिया साथ
डुआंगडुआन ने शादी से पहले अपने माता-पिता और बच्चों से भी इस बारे में सलाह ली। उनकी पहले की शादी से तीन बेटियां हैं और दो नाती-नातिन भी हैं। उन्होंने बताया कि संगीत के क्षेत्र में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक और निजी जीवन में कई संघर्षों का सामना करना पड़ा। परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए उन्होंने पटाया में काम शुरू किया, जहां उनकी मुलाकात पहले रोमन और बाद में मैकी से हुई। समय के साथ दोनों पुरुष उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गए और परिवार की जिम्मेदारियों में भी सहयोग करने लगे। डुआंगडुआन के मुताबिक उनके माता-पिता और बच्चे भी इस शादी से खुश हैं। यही वजह है कि यह अनोखा विवाह अब सोशल मीडिया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *