चम्पावत। देवीधुरा में आप कार्यकर्ताओं का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन पर डटे रहने का ऐलान किया है। क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर कार्यकर्ता बीते शुक्रवार से आमरण अनशन कर रहे हैं। शनिवार को मंदिर परिसर में आप कार्यकर्ता राजेश बिष्ट और प्रताप सिंह बिष्ट का आमरण अनशन जारी रहा। दोनों आंदोलनकारियों का कहना है कि पाटी विकास खंड अब भी कई बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। कहा कि पाटी अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं होने के चलते यहां की महिलाओं को इलाज के लिए अन्य शहरों की दौड़ लगानी पड़ रही है। कहा कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, एक्सरे और खून की जांच तक नहीं हो पा रही है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आंदोलनकारियों ने लोहाघाट-देवीधुरा- हल्द्वानी मार्ग में बंद पड़ी रोडवेज बस सेवा दोबारा चालू करने, रीठाखाल इंटर कॉलेज में विज्ञान और कॉमर्स की कक्षा चलाने, देवीधुरा डिग्री कॉलेज को पीजी का दर्जा देने और कॉलेज में विज्ञान और कॉमर्स विषय उपलब्ध कराने की मांग की। शनिवार को छात्रसंघ अध्यक्ष प्रकाश मेहरा और कुविवि के महासचिव चेतन चम्याल ने आंदोलन को समर्थन दिया।