आयुष कुकरेती युवा वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित

पर्वतीय जल स्रोतों के पुनर्जीवन और संरक्षण के लिए विकसित किया ‘एच-स्पायर’ मॉडल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा ब्लॉक के जौरासी गांव निवासी युवा शोद्यार्थी आयुष कुकरेती को उत्कृष्ट वैज्ञानिक शोध के लिए युवा वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवम् प्रौद्योगिकी सम्मेलन-2026 में उन्हें यह पुरस्कार दिया गया। एक ग्रामीण पृष्ठभूमि और सरकारी स्कूल से निकलकर राज्य स्तर के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक मंच पर यह उपलब्धि हासिल करने से क्षेत्र में खुशी की लहर है।


उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवम् प्रौद्योगिकी सम्मेलन-2026 के समापन सत्र में प्रतिष्ठित ‘यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड’ (युवा वैज्ञानिक पुरस्कार) से युवा शोद्यार्थी आयुष कुकरेती को सम्मानित किया गया है। ग्राम पंचायत जौरासी प्रधान चण्डी प्रसाद कुकरेती ने बताया कि आयुष ने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कहा कि आयुष कुकरेती पुत्र सुरेन्द्र प्रसाद कुकरेती ने कक्षा 10वीं तक की प्रारम्भिक शिक्षा स्थानीय सरकारी विद्यालय से पूरी की। इसके उपरान्त उन्होंने हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल केन्द्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर से स्नातक एवम् परास्नातक की उपाधि प्राप्त की। आयुष को यह सम्मान उनके अभिनव शोध कार्य ‘एच-स्पायर’ के लिए दिया गया है। उनका यह शोध पर्वतीय क्षेत्रों में जल संसाधनों, स्प्रिंगशेड प्रबन्धन तथा दीर्घकालिक जल सुरक्षा को सुदृढ़ करने पर केन्द्रित है। शोध के तहत पर्वतीय क्षेत्रों के सूखते प्राकृतिक जल स्रोतों (धारे-मंगरे) के वैज्ञानिक पुनर्जीवन के लिए जीआईएस आधारित एक विशेष मॉडल तैयार किया गया है। युवा शोद्यार्थी आयुष कुकरेती ने बताया कि भविष्य में इस वैज्ञानिक मॉडल को एक सहज ‘यूजर-फ्रेन्डली’ मोबाइल ऐप्लिकेशन के रूप में विकसित करने की योजना है। इस तकनीक की मदद से कोई भी आम नागरिक या ग्रामीण अपने क्षेत्र के जल स्रोत के पुनर्भरण हेतु उपयुक्त उपचार विधियों तथा सटीक स्थलों की पहचान कर सकेगा। इससे सरकारी नीतियों एवम् पुनर्जीवन योजनाओं को धरातल पर सटीक रूप से लागू करने में सहायता मिलेगी। आयुष कुकरेती ने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में गहराते जल संकट के समाधान के लिए पारम्परिक ज्ञान के साथ आधुनिक भू-स्थानिक तकनीकों का समन्वय समय की मांग है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने शोध मार्गदर्शकों, राष्ट्रीय जलविज्ञान संस्थान रुड़की के वैज्ञानिक ‘एफ’ डॉ. सोबन सिंह रावत, प्रो. डी.एस. मलिक एवम् साथी इं. सुमित सैनी को देते हुए उनके निरन्तर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। आयुष कुकरेती को युवा वैज्ञानिक पुरस्कार मिलने पर चण्डी प्रसाद कुकरेती, राजेन्द्र प्रसाद कुकरेती, जगदीष प्रसाद कुकरेती, डॉ. श्रीकांत कुकरेती, शशिकांत कुकरेती, सच्चिदानन्द कुकरेती, करुणेश कुकरेती, राकेश कुकरेती, मनोहरी प्रसाद बलूनी, राजेन्द्र प्रसाद केष्टवाल, सेवा निवृत्त प्रधानाचार्य मनवरलाल भारती, सुरेन्द्र प्रसाद कुकरेती, टीकाराम डबराल ने बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *