नईदिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के 5वें और आखिरी टी-20 मुकाबले में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। अपनी पारी का 11वां रन बनाते ही उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 1,000 रन पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 12वें भारतीय बने हैं। इसी तरह वह पारी के हिसाब से यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी भी बने हैं। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
अभिषेक ने 1,000 रन पूरे करने के साथ ही एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में गेंदों के हिसाब से सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 528 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की है। अभिषेक ने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के ही धाकड़ बल्लेबाज टिम डेविड को विश्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 569 गेंदों में यह आंकड़ा छुआ था।
अभिषेक अब पारी के हिसाब से दूसरे सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने 28 पारियों में यह कारनामा किया है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड पूर्व भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के नाम दर्ज है, जिन्होंने 27 पारियों में इस आंकड़े को छुआ था। इसी तरह अन्य भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल (29 पारी) तीसरे और सूर्यकुमार यादव (31 पारी) चौथे नंबर पर काबिज हैं।
अभिषेक ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2024 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। इस खिलाड़ी ने अब तक 29 मुकाबले खेले हैं और इसकी 28 पारियों में 37.44 की औसत से 1,000 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 190 से अधिक की रही है। इस सलामी बल्लेबाज के बल्ले से 6 अर्धशतक के अलावा 2 शतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन रहा है।
००