रुड़की। पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पिछले छह माह से फरार चल रहा था। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को रहमानी निवासी गांव महमूदपुर, कलियर ने 28 अक्तूबर 2025 को तहरीर दी थी। तहरीर में बताया था कि उसने अपनी बेटी शादी प्रवेज निवासी भंगेड़ी महावतपुर, रुड़की से की थी। आरोप था कि प्रवेज दहेज के लिए बेटी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। साथ ही मायके से दहेज लाने का दबाव बना रहा था।आरोप था कि दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी ने उनकी बेटी की हत्या कर दी थी और फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मंगलवार की सुबह आरोपी प्रवेज को गांव से गिरफ्तार किया गया है। साथ ही आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस दौरान पुलिस टीम में एसआई मोहन कठैत, हेड कांस्टेबल प्रवीण और प्रदीप डंगवाल शामिल रहे।