अभाविप ने प्रशासनिक भवन में की तालाबंदी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : बीजीआर परिसर पौड़ी के छात्र-नेताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय तो बना दिया गया है लेकिन पौड़ी परिसर की लंबे समय से उपेक्षा की जा रही है। जिससे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
परिसर के छात्रावास में बीते कई दिनों से पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा शुक्रवार को परिसर के प्रशासनिक भवन में तालाबंदी की गई। इस दौरान आक्रोशित छात्रों का कहना था कि कई दिनों से कैंपस परिसर के छात्रावास में पानी नहीं आ रहा है। कभी पानी आ भी रहा है तो गंदे पेयजल की आपूर्ति हो रही है। आक्रोशित छात्रों ने कहा कि जब इसकी शिकायत विश्वविद्यालय प्रशासन से की गई तो उनके द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। जिस पर नाराज छात्रों द्वारा बीजीआर कैंपस परिसर के प्रशासनिक भवन में अनिश्चितकालीन तालाबंदी कर दी गई है। कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रितिक असवाल, कॉलेज इकाई अध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह, नगर मंत्री मंजीत असवाल, कॉलेज इकाई उपाध्यक्ष सोनिया कुमारी, छात्र संघ उपाध्यक्ष आयुष रावत आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *