श्रीनगर गढ़वाल : विभिन्न मांगों के संबंध में एबीवीपी श्रीनगर इकाई के कार्यकर्ता मुखर हो गए। उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी प्रवेश परीक्षा कराने के साथ ही विवि में एमएससी कंप्यूटर साइंस पाठ्यक्रम शुरू कराने व अन्य मांगों के लिए विवि के अधिकारियों कुलसचिव अनीश-उल-जमा, डीन नियुक्ति एवं पदोन्नति प्रो. एमएस पंवार से वार्ता की। शाम चार बजे बजे तक कोई समाधान न निकलने पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कुलसचिव कार्यालय का अंदर से ही ताला जड़ दिया। कार्यकर्ताओं के साथ ही विवि के अधिकारी भी घंटों कमरे में बंद रहे। शाम सात बजे तक भी ताला नहीं खुल पाया।
छात्र संघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट ने कहा कि विवि में शोध के प्रति छात्रों की रुचि बढ़ रही है, लेकिन विवि की ओर से नेट, जेआरएफ छात्रों को ही पीएचडी में प्रवेश दिए जाने की बाध्यता से कई योग्य छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित हो जाएंगे। कहा कि विवि को पीएचडी प्रवेश परीक्षा कराने का अधिकार है, इसलिए छात्रों के भविष्य को देखते हुए विवि को यह व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने बीएड व एलएलबी में रिक्त सीटों पर छात्रों को प्रवेश देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने एसएसडी के दो क्रेडिट के मुद्दे पर कहा कि सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहने वाले छात्रों को इन क्रेडिट का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसलिए इस व्यवस्था को स्पष्ट और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि विवि के कंप्यूटर साइंस विभाग में छात्रों को बीएससी करने के बाद एमएससी करने के लिए अन्य संस्थानों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने विवि में एमएससी कंप्यूटर साइंस पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग भी की। कहा यदि जल्द इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा। इस मौके पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जसवंत सिंह बिष्ट, अमन पंत, गौरव मोहन, आयुष भारद्वाज, शारांश शेखर रावत आदि शामिल रहे। (एजेंसी)