एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने किया कुलसचिव का घेराव

Spread the love

 

श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि में एनटीए द्वारा आयोजित होने वाली सीयूईटी को लेकर छात्रों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कुलसचिव कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान आक्रोशित छात्रों ने कहा कि सीयूईटी को लेकर जल्द निर्णय नहीं लिया तो वह उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
गुरुवार को विद्यार्थी परिषद के केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य संदीप राणा के नेतृत्व में छात्र कुलसचिव कार्यालय पहुंचे। इस दौरान छात्र नेता संदीप राणा, प्रदेश सहमंत्री अमन पंत, जसवंत राणा ने कहा कि लम्बे समय सीयूईटी को रद्द कर गढ़वाल विवि से अपनी प्रवेश परीक्षा करवाये जाने की मांग की जा रही है। सीयूईटी को रद किये जाने की मांग को लेकर पिछले वर्ष आंदोलन भी किया गया। जिसके बाद विवि प्रशासन ने सीयूईटी के एवज में अपनी स्वयं की प्रवेश परीक्षा आयोजित करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक गढ़वाल विवि सीयूईटी को लेकर निर्णय नहीं ले पाया है। कहा कि सीयूईटी परीक्षा होने के चलते पहाड़ के छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। परीक्षा केंद्र देहरादून सहित अन्य राज्यों में होने के चलते छात्र परीक्षा देने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि विवि प्रशासन ने जल्द सीयूईटी रद्द कर अपनी प्रवेश परीक्षा कराने का निर्णय नहीं लिया तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। छात्र नेता संदीप राणा ने बताया कि 20 जनवरी को एकेडमिक काउंसिल की बैठक में सीयूईटी के मुद्दे पर चर्चा कर अंतिम फैसला लिये जाने का आश्वासन दिया गया है। इस अवसर पर महिपाल बिष्ट, हिमांशु भंडारी, एकता बिष्ट, अंकिता, आयुष कंडारी, अक्षितेष नैथानी, पवन, पीयूष नौटियाल, अमन रावत, तुषार शाह, साहिल, नितेश, अर्जुन आदि मौजूद थे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *