विकास कार्यों में लाएं तेजी : काबीना मंत्री डॉ. धन सिंह

Spread the love

 

-काबीना मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ली विभिन्न अधिकारियों की बैठक
-बोले, प्रस्तावित ठंडी रोड की डीपीआर जल्द की जाए तैयार
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : प्रदेश के काबीना मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को धारीदेवी मंदिर स्थापना समेत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा व श्रीनगर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी समेत विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान काबीना मंत्री ने रेलवे अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाते हुए बेहतर कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने रेलवे के कार्य के दौरान लोगों के मकानों में आई दरारों की जानकारी भी ली। कहा कि जल्द से जल्द लोगों को मुआवजे की कार्यवाही पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
महिला थाना श्रीनगर के सभागार में आयोजित बैठक में काबीना मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि धारी देवी मंदिर को जल्द मंदिर समिति को हस्तांतरित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रस्तावित ठंडी रोड का डीपीआर तैयार करने व प्रस्तावित मरीन ड्राइव रोड से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कहा कि ग्रामीणों के संयुक्त खातों से भुगतान में आ रही समस्या का जल्द समाधान करें तथा गांवों के पुराने रास्तों को खोलने तक वैकल्पिक मार्ग बनवाना सुनिश्चित करें।
इस दौरान काबीना मंत्री ने एनआईटी कॉलेज की समीक्षा के दौरान कहा कि कॉलेज में अधूरे हुए कार्यों को जल्द पूर्ण किया जाएगा। कहा कि एनआईटी श्रीनगर के स्थित पुराने आईटीआई भवन के स्थान पर स्टेडियम बनाने की कार्यवाही की जा रही है। जिससे खेल प्रेमियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने श्रीनगर के अंतर्गत सरकारी भूमि पर जहां-जहां अतिक्रमण है, वहां अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। कहा कि अतिक्रमण हटने से मार्ग व्यवस्थित रहेगा तथा यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि प्रस्तावित कार्यों का प्रस्ताव जल्द तैयार करें, जिससे समय से विकास कार्य पूर्ण हो सकेंगे। चार धाम यात्रा के संबंध में कहा कि केदारनाथ में 50 स्थान ऐसे तैयार किए गए हैं जहां हर 500 मीटर पर ऑक्सीजन सिलेंडर रखे जाएंगे। अगर किसी भी यात्री को सांस लेने में दिक्कत होगी तो उसे तत्काल ऑक्सीजन दिया जा सकेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वृद्ध यात्रियों के लिए मेडिकल जांच के बाद ही मंदिर के दर्शन करने के लिए भेजा जाएगा। कहा कि हर दृष्टि से यात्रा पर नजर रखी हुई है तथा वहां तैनात संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए हैं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्रीनगर अजयवीर सिंह, एचएनबी से प्रो0 एम.सी नौटियाल, अधीक्षण अभियंता पी.एस. बृजवाल, ईई लोनिवि आर.पी नैथानी, जेई माखनलाल, सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *