जम्मू , जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए सड़क हादसे में सेना के दस जवानों की जान चली गई जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा भद्रवाह-चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास हुआ।
जानकारी पर सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू शुरू किया। मौके से दस जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं। सात जवानों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया। इसमें से तीन की हालत गंभीर है।
उन्हें विशेष उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायलों का इलाज नजदीकी सैन्य चिकित्सा केंद्रों में चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि सेना का बुलेट-प्रूफ वाहन, जिसमें कुल 17 जवान सवार थे, एक ऊंची पोस्ट की ओर जा रहा था, तभी ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और वाहन 200 फीट गहरी खाई में गिर गया।