लमगड़ा ब्लॉक का लेखाकार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Spread the love

– विजिलेंस हल्द्वानी की ट्रैप कार्रवाई, 15 हजार रुपये लेते पकड़ा गया
अल्मोड़ा। धामी सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति को सरकारी कर्मचारी पलीता लगाते नजर आ रहे हैं। सरकारी कर्मचारी रिश्वतखोरी से बाज़ नहीं आ रहे हैं। ताजे मामले में बुधवार को अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा विकासखंड कार्यालय में तैनात लेखाकार को सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) हल्द्वानी की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शौचालय निर्माण से संबंधित फाइल आगे बढ़ाने और लंबित भुगतान के एवज में धन की मांग करने का आरोप है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में तैनात लेखाकार हरीश सिंह बिष्ट उससे स्वीकृत शौचालय निर्माण कार्य की एफडीआर जारी करने और लंबित बिलों के भुगतान के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के परीक्षण के बाद विजिलेंस टीम ने मुकदमा दर्ज कर ट्रैप की योजना बनाई। टीम ने ब्लॉक कार्यालय में जाल बिछाकर आरोपी को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जिले में पखवाड़े के भीतर रिश्वतखोरी का यह दूसरा मामला सामने आने से विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *