वृद्धा के साथ मारपीट व धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल की पैठाणी पुलिस ने वृद्धा के साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने कहा कि कमजोर, असहाय व वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, हर परिस्थिति में त्वरित कार्यवाही कर सहायता प्रदान करना है पौड़ी पुलिस की प्राथमिकता है।
एसएसपी ने बताया कि 1 सितम्बर 2025 को वादिनी श्रीमती बिमला देवी निवासी कर्णप्रयाग, चमोली द्वारा थाना पैठाणी में शिकायत दर्ज कराई गई। जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी वृद्ध माताजी श्रीमती समोद्रा देवी (उम्र 85 वर्ष), निवासी ग्राम कण्डारस्यूं, पैठाणी के साथ ग्राम टीला निवासी बादल द्वारा बर्बरता, मारपीट, गाली-गलौच की गई एवं जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत पर थाना पैठाणी में आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष पैठाणी सुनील रावत के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच में उक्त प्रकरण में वृद्ध महिला के साथ ही गई बर्बरता व मारपीट करने की पुष्टि की गई। साथ ही अभियुक्त के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गई। अभियुक्त बादल सिंह, जो घटना के पश्चात से ही फरार चल रहा था तथा जांच प्रक्रिया में सहयोग नहीं कर रहा था। पुलिस टीम द्वारा गत रविवार देर सांय को पुलिस ने आरोपी बादल सिंह (उम्र-24 वर्ष) पुत्र स्व. धर्मेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम टीला, पैठाणी, जनपद पौडी गढ़वाल को क्लेमेनटाउन, देहरादून स्थित किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर उचित वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक आनन्द सिंह खरोला, हेड कांस्टेबल बृजमोहन भट्ट, विजय सिंह चौहान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *