जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हरिद्वार से कोटद्वार की ओर आ रही एक बस में नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। मामले में पुलिस ने आरोपी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित का कहना है कि वह हरिद्वार से कोटद्वार काम की तलाश में आ रहा था।
घटना के संबंध में पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह हरिद्वार से कोटद्वार आ रही थी। इसी दौरान उसके समीप एक युवक आकर बैठ गया। बताया कि युवक ने पुलिस की टोपी पहनी हुई थी। आरोप है कि रास्ते में युवक उससे छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर युवक कलालघाटी के समीप बस के दरवाजे के समीप गया और कूदकर फरार हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि युवक को हरिद्वार बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। बताया कि उसकी पहचान चमोली जनपद के अंतर्गत बैरांगना निवासी हिमांशु नेगी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पूर्व में चमोली स्थित एक होटल में काम करता था। रोजगार की तलाश में वह हरिद्वार से कोटद्वार जा रहा था। पुलिस ने आरोपित के पास से पुलिस की टोपी भी बरामद की।