पोक्सो मामले में आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग किशोरी गुरुग्राम से सकुशल बरामद

Spread the love

अल्मोड़ा()। पोक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में कोतवाली द्वाराहाट पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद किया है। पीड़ित बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार बीती 27 जनवरी को एक व्यक्ति ने राजस्व क्षेत्र में तहरीर देकर अपने गांव की एक नाबालिग किशोरी के गुमशुदा होने की सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 जनवरी को विवेचना रेगुलर पुलिस कोतवाली द्वाराहाट को हस्तांतरित की गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए गुमशुदा बालिका की शीघ्र बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में चार अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली द्वाराहाट विनोद जोशी और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज का गहन अध्ययन किया और सर्विलांस की सहायता से दिल्ली, गुड़गांव और बिहार के माधोपुर क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। लगातार की गई सुरागरसी और पतारसी के बाद शनिवार 31 जनवरी को गुमशुदा किशोरी को गुड़गांव से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने किशोरी को आरोपी खुशदिल (20 वर्ष), पुत्र मोहम्मद मुस्ताक, निवासी माधोपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल, बिहार के कब्जे से बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में कोतवाली द्वाराहाट और एसओजी अल्मोड़ा की पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *