इंग्लैंड में कोर्स कराने के नाम पर 20 लाख की ठगी का आरोप

Spread the love

 

काशीपुर। इंग्लैंड विवि से मैनेजमेंट का कोर्स कराने के नाम पर एक युवक से 20 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आइल्स संचालक दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड 11, भौना कलोनी निवासी तेजवीर सिंह पुत्र विरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि वह इंग्लैड जाना चाहता था। इस बीच उसका संपर्क गदरपुर में आइल्स सेंटर चलाने वाले विक्रम सिंह पुत्र हरविंदर सिंह व अमरजीत से हुआ। उन्होंने आश्वस्त किया कि वह इंग्लैंड के विवि से एमएससी लजिस्टिक एंड अपरेशन मैनेजमेंट का कोर्स करवा देंगे, इसके लिए 20 लाख रुपये का खर्च बताया। इस पर रकम संचालकों को दे दी। तीन अक्तूबर 2022 को इंग्लैंड विवि पहुंचा। वहां विवि ने आईडी पासवर्ड मांगा तो विक्रम सिंह से संपर्क किया। लेकिन वह टाल मटोल करता रहा और आईडी पासवर्ड नहीं दिया। इसके बाद किसी तरह निजी खर्चे पर इंडिया वापस आ गया। आरोप लगाया कि जब विक्रम के पास पहुंचा तो उसने अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। वहीं तेजवीर की तहरीर पर पुलिस ने विक्रम व अमरजीत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं आइल्स स्वामी विक्रम सिंह ने बताया कि आरोप लगाने वाले तेजवीर को स्टडी वीजा पर इंग्लैड भेजा था। जिसका पैकेज 12 लाख था। वहां सात माह रहने के बाद जब उसका मन नहीं लगा तो वह अपनी मर्जी से वापस आ गया। अब वह उनसे जबरन पैसे वापस मांग रहा है। उन्होंने बताया इसकी शिकायत एसएसपी से भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *