नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार

Spread the love

अल्मोड़ा()। दन्या थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई की। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को क्षेत्र के एक व्यक्ति ने थाना दन्या में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ सुहेल नामक युवक ने दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो वायरल करने के साथ जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 07/2026 धारा 64(2)(एम)/351(3) भारतीय न्याय संहिता तथा 5(1)/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महन्त के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सुहेल पुत्र मोहम्मद युनुस निवासी ग्राम बुढ़ानपुर, भगतपुर मुरादाबाद को चापड़ बैंड के पास सड़क से जंगल की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमित जोशी, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल पीयूष भट्ट और कांस्टेबल जगत सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *