किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कोतवाली पौड़ी पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं किशोरी को नारी निकेतन कोटद्वार भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पर किशोरी के अपहरण के साथ ही दुष्कर्म, पॉक्सो की धाराओं को बढ़ाया है।
सीओ सदर पौड़ी तुषार बोरा ने बताया कि तहसील पौड़ी के एक राजस्व क्षेत्र स्थित गांव में नेपाली मूल का एक परिवार रहता है। कोतवाली पौड़ी में बीते 19 अक्तूबर एक व्यक्त ने तहरीर दी। उसने बताया कि उनकी 15 साल की बेटी बीते 17 अक्तूबर की सुबह कहीं चली गई। उसका अभी कोई पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस ने मामले में तत्काल जीरो एफआईआर दर्ज कर अज्ञात के खिलाफ किशोरी के अपहरण की धारा में मुकदमा दर्ज किया। उन्होंने बताया कि चौकी प्रभारी पाटीसैंण राकेश चौधरी को जांच सौंपी गई। इसी बीच एक दिन लापता किशोरी ने अपनी मां को फोन किया जिसके बाद पुलिस ने लापता किशोरी के उक्त नंबर और आरोपी को ट्रेस किया। आरोपी को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर लिया है और किशोरी भी मिल गई है। मेडिकल जांच में किशोरी से दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी पर किशोरी के अपहरण के साथ ही दुष्कर्म, पॉक्सो की धाराओं को बढ़ाया है। आरोपी को विशेष सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) पौड़ी की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जिला कारागार खांड्यूसैंण भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *