अश्लील वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : युवती का अश्लील वीडियो व फोटो सोशल मीडिया में वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फोटो व वीडियो वायरल होने के बाद से युवती भी घर से लापता चल रही थी। जिसकी पुलिस ने सकुशल कोटद्वार से बरामदगी कर ली है।
इस संबंध में पैठाणी निवासी युवती के जीजा की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि पांच नवंबर को उनकी साली बाजार गई हुई थी। लेकिन, देर रात तक भी वह घर लौटकर नहीं आई। दोस्तों व रिश्तेदारों से पूछने पर भी उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार सुबह पुलिस ने युवती को सकुशल कोटद्वार से बरामद किया। पूछताछ में युवती ने बताया कि उत्तर प्रदेश, नगीना, नजीबाबाद, टांडा मयादास निवासी शहनवाज मिर्जा ने उसकी अश्लील वीडियो व फोटो खींचकर उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया है। लोकलज्जा के डर से वह घर से चली गई थी। पुलिस जांच में युवती के बयान सही मिले। जिसके बाद आरोपी शहनवाज मिर्जा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *