त्योहारी सीजन में सघन वाहन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

Spread the love

अल्मोड़ा()। होली पर्व के बाद पहाड़ी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के अपने-अपने कार्यस्थलों की ओर लौटने को देखते हुए जिले में पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार पर्व के बाद सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही कई जगहों पर वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने की शिकायतें सामने आती हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए जिले के सभी प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान यातायात निरीक्षक और इंटरसेप्टर टीम भी सक्रिय रूप से चेकिंग कर रही है। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों और परिचालकों को सख्त हिदायत दी जा रही है कि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाई जाएं और ओवरस्पीड या नशे की हालत में वाहन न चलाया जाए। साथ ही यात्रियों को भी जागरूक किया जा रहा है कि यदि कोई चालक वाहन में ओवरलोडिंग करता है या नशे की हालत में वाहन चलाता दिखाई दे तो तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना दें। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई है। जिले में यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *