पशुओं को सड़कों पर आवारा छोड़ने पर 8 व्यक्तियों पर की गयी कार्यवाही

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी0 रेणुका देवी जनपद पौड़ी गढ़वाल द्वारा जनपद में सड़कों पर आवारा घूमने वाले पशुओं के कारण अक्सर यातायात अवरुद्ध होने से जाम की स्थिति उत्पन्न होने एवं इन पशुओं के कारण सड़क दुर्घटनायें घटित होने तथा आवारा घूमने वाले पशुओं पर नियन्त्रण लगाये जाने हेतु जनपद में “ऑपरेशन कामधेनु” की शुरूवात की गयी है। जनपद के थाना क्षेत्रान्तर्गत पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार एवं लक्ष्मणझूला को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में आवारा घूमने वाले पशुओं के स्वामियों के विरूद्ध कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। जिसके क्रम में शुक्रवार को थाना श्रीनगर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत अपने पशुओं को सड़कों में आवारा छोड़ने पर 5 व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण (संशोधन) अधिनियम-2015 के अनुसार कार्यवाही कर प्रत्येक व्यक्ति पर रू0 1000/-का जुर्माना किया गया। जनपद पुलिस द्वारा अब तक “ऑपरेशन कामधेनु” के तहत सड़कों में अपने पशुओं को आवारा छोड़ने पर 8 व्यक्तियों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की गयी है। जनपद में “ऑपरेशन कामधेनु” अभियान लगातार जारी हैं।
जनपद पुलिस द्वारा सभी पशु स्वामियों से आग्रह किया गया कि अपने पशुओं का पशुपालन विभाग में रजिस्ट्रेशन करवाकर टैग अवश्य लगवायें और अपने पशुओं को सड़कों में आवारा न छोड़ें। अन्यथा सम्बन्धित पशु स्वामी के विरुद्ध उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम-2007 एवं गोवंश संरक्षण (संशोधन) अधिनियम-2015 के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *