काशीपुर()। एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस कर्मियों को फास्ट और जिम्मेदार पुलिसिंग करने की सख्त हिदायत देते हुए कहा कि काम के मामले में कोई लापरवाही बर्दास्त नहीं होगी। कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को कोतवाली परिसर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति की अध्यक्षता में सीएलजी सदस्यों एवं शहर के गणमान्य व्यक्तियों के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें पार्षद राशिद फारूखी ने कहा कि काशीपुर को कानून व्यवस्था में प्राथमिकता से रखा जाए। यदि कोई जनप्रतिनिधि अपनी बात रखता है तो पुलिस उसे सुने और समस्या के अनुसार उसका निदान हो। पार्षद अब्दुल कादिर ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि नशा बेचने वाले छोटे सप्लायर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाते। ऐसे में छोटे सप्लायरों पर भी शिकंजा कसा जाए। व्यापारी राजीव परनामी ने कहा कि प्रिया मॉल के पास पुल के नीचे दूसरे राज्यों से आए लोगों ने निवास बना लिया है। यह लोग पुल के नीचे ही सोते हैं और तेज आवाज में डीजे बजाते हैं। इन्हें पुलिस वहां से हटाए। पूर्व ग्राम प्रधान बबलू चौधरी ने कहा कि वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन को लेकर ठगी की जा रही है। किसी और की जमीन दिखाकर बयाना लिया जा रहा है। इससे गांव के लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। व्यापार मंडल की प्रियंका अग्रवाल ने कहा कि शहर में कुछ एरिया में कैमरे और लाइट की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में जहां-जहां ब्लेक स्पॉट हैं वहां पर कैमरे लगाए जाएं। इसके अलावा स्कूल टाइम पर डंपरों के चलने पर रोक लगाने, मुख्य बाजार में ई-रिक्शाओं और ठेले वालों पर रोक लगाने, साप्ताहिक बाजार में जाम की समस्या, ट्रैफिक समस्या समेत अन्य समस्याएं लोगों ने रखी। एसएसपी अजय गणपति ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कर्मियों को सख्य हिदायत देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी समस्या का शीघ्र समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूल आने और जाने वाले समय पर भारी वाहनों की नो एंट्री की जाए। यहां एएसपी स्वप्न किशोर सिंह, सीओ अभिषेक गोयल, हसीन खान, मनोज अग्रवाल, विपिन कुमार, रवि प्रजापति, महेश चंद्र शर्मा, दिलप्रीत सिंह सेठी, राजकुमार सेठी, मोनू चौधरी आदि मौजूद रहे।