सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मादक पदार्थों पोस्त, भांग आदि पर प्रभावी कार्रवाई के लिए बनाई गई जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक में डीएम ने सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने अवैध शराब का व्यापार करने वाले व्यक्तियों की धर पकड़ के लिए पुलिस विभाग को सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ जागरूकता लाने के लिए अधिक से अधिक ई-शपथ दिलाने, नशा-मुक्ति केंद्रों में आने वाले व्यक्तियों के माध्यम से नशे के प्रकार व पैटर्न को जानने के लिए की जा रही जीआईएस मैपिंग पर कार्रवाई करने, बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे दवाखानों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने शिक्षा विभाग के अफसरो को नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूल व कालेज स्तर पर छात्रों में प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाने कहा। बैठक में एसएसपी श्वेता चौबे, सीएमओ डा. प्रवीण कुमार, एएसपी जया बलूनी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *