श्रीनगर गढ़वाल : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत कर्नाटक की पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय सचिव, देवप्रयाग जिले की नियुक्त पर्यवेक्षक डॉ. अंजली निंबालकर ने गुरुवार को गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) श्रीनगर में पत्रकार वार्ता कर नए दायित्वों की रुपरेखा पर चर्चा की। डॉ. निंबालकर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी निर्देशन पर पूरे देश में यह अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत जिलाध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों का चयन कार्यकर्ताओं के सहयोग और जनता के बीच मजबूत चेहरे से किया जाएगा। बताया कि जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से बातचीत के आधार पर रिपोर्ट अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी। आगामी 10 दिनों तक यह अभियान ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक निरंतर चलेगा। डॉ. निंबालकर ने स्पष्ट तौर पर कहा कि पार्टी में नए दायित्वों में उन्हीं लोगों को मौका दिया जायेगा जो जनता के बीच लगातार सक्रिय रहे हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र शाह, सेवादल प्रदेश सचिव गोपाल सिंह गड़िया, मोहनानंद डोभाल,लाल सिंह नेगी, दीपक सजवाण मौजूद रहे। (एजेंसी)